अध्यापक संघ के आज नए पदाधिकारी जाएंगे
हरियाणाविद्यालय अध्यापक संघ-93 ब्लाक हांसी प्रथम की कार्यकारिणी की मीटिंग ब्लाक प्रधान प्रेम प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए शर्मा ने बताया कि कमेटी का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। राज्य कमेटी के आह्वान और जिला कमेटी के निर्देशन पर ब्लाक हांसी का चुनाव 26 सितंबर को खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी हांसी प्रथम द्वितीय के कार्यालय में होगा।
बैठक में ब्लाक सचिव लोक नारायण कौशिक ने बताया कि चुनाव से पहले पिछले तीन वर्षों की आय-व्यय का अध्यापकों के सामने लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाओं से अपील की कि वे संघ के चुनाव में अपनी उपस्थिति अवश्य दर्ज करवाएं और मजबूत कार्यकारिणी का गठन करें।
उन्होंने बताया कि इस संघ की यूनियन में जेबीटी शिक्षक से लेकर प्राचार्य, प्रवक्ता, हेडमास्टर, मास्टर वर्ग, सीएंडवी के सभी अध्यापक कार्य करते हैं। इस अवसर पर राजेंद्र कुमार, मुरलीधर पांडेय, वेदप्रकाश बूरा, सुशीला जांगड़ा, बाला देवी, ऊषा रानी, आशा रानी, राजकुमार, सत्यवान द्विवेदी, रविंद्र ठकराल आदि उपस्थित रहे।