भजन गायक ने की कार छीनने की शिकायत
शहरके जाने-माने भजन गायक पवन सैनी की कार को लेकर बुधवार शाम को खासा बवाल हो गया। सैनी ने पुलिस को शिकायत देकर उससे कार छीने जाने का आरोप लगाया। शिकायत पर पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी। शिकायतकर्ता सैनी को भी पुलिस कार्रवाई के दौरान साथ रखा गया। देर रात को पुलिस ने इसे दोस्तों का आपसी मामला बताया। पुलिस ने कहा कि सैनी की कार उसका दोस्त ही लेकर गया है।
पवन सैनी ने बताया कि शाम को उसके पास एक जानकार का फोन आया। उसने उसे अनाज मंडी में बुलाया। मंडी में उसने उससे दो दिन के लिए गाड़ी मांगी। उसके साथ दो-तीन युवक और भी थे। गाड़ी देने से इनकार करने पर उन्होंने उसे पीरागढ़ी छोड़कर आने को कहा। उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो युवक उसकी पिटाई कर गाड़ी छीनकर फरार हो गए। सैनी ने मामले की सूचना अनाज मंडी पुलिस चौकी को दी, जिसके बाद पुलिस और सीआईए की टीमें सक्रिय हुईं और सैनी द्वारा बताए गए युवक की तलाश करने के लिए उसे साथ लेकर संभावित जगह गई।
देर शाम को पुलिस दल बैरंग लौट आए। सैनी जहां इस बात पर अड़ा था कि उसकी कार छीनी गई है, वहीं थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने इसे दोस्तों का आपसी मामला बताया। एएसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने इस मुद्दे पर कहा कि उन्हें शिकायत मिली है और उन्होंने थाना प्रभारी को जांच करने दूसरे पक्ष को बुलाने के निर्देश दिए हैं।