- Hindi News
- भाजपा देगी भयमुक्त समाज और सुशासन : प्रो. छत्तरपाल
भाजपा देगी भयमुक्त समाज और सुशासन : प्रो. छत्तरपाल
हांसी | हांसीविधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार प्रो. छत्तरपाल सिंह ने जनसंपर्क के दौरान भयमुक्त समाज और विकास की गंगा बहाने के लिए भाजपा को ही एकमात्र पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो रोजगार और शिक्षा की सुविधाओं के अलावा कानून व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
भाजपा उम्मीदवार ने गांव गढ़ी, जीतपुरा, खरकड़ा भाटोल का दौरा करके समर्थन जुटाया। उन्होंने गांव के बुजुर्गों से मुलाकात करके उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने अन्य पार्टियों से आए तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी का पटका देकर भाजपा में शामिल कराया। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर थी, उसी तरह प्रदेश के लोग भी पार्टी को समर्थन देने की तैयारी कर चुके हैं। इसलिए प्रदेश में बड़े पैमाने पर सत्ता परिवर्तन होने वाला है। साथ ही जनता को आश्वस्त किया कि बीजेपी की सरकार में जनता के मान सम्मान में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही कहा कि सरकार के सत्ता में आने पर पूरे हलके में विकास कार्य करवाए जाएंगे। जिससे क्षेत्र और प्रदेश में विकास का नया रिकाॅर्ड बनाया जा सके।
हांसी से भाजपा प्रत्याशी प्रोफेसर छतरपाल सिंह लोगों से मिलते हुए।