- Hindi News
- तेज धमाके के साथ गिरा ट्रांसफार्मर लाइन में करंट होने से टला हादसा
तेज धमाके के साथ गिरा ट्रांसफार्मर लाइन में करंट होने से टला हादसा
मंडीसैनीयान काॅलोनी में एक ट्रांसफार्मर एकाएक बिजली के खंभे से नीचे गिरा। घटना के समय जोरदार धमाका हुआ। जिस स्थान पर ट्रांसफार्मर गिरा, उससे कुछ ही दूरी पर बच्चे खेल रहे थे। गनीमत रही कि ट्रांसफार्मर दूसरी दिशा में गिरा, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
काॅलोनी में ट्रांसफार्मर गिरने की घटना शनिवार देर शाम को हुई। लोगों ने एकदम जोरदार आवाज सुनी। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उन्होंने पाया कि बिजली का एक ट्रांसफार्मर खंभे से नीचे गिर गया है। ट्रांसफार्मर में करंट होने की आशंका के चलते शुरू में लोग दूर ही रहे, लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला कि इसमें बिजली नहीं, लोग इसके नजदीक गए। घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल बिजली निगम को दी। सूचना के बाद रविवार सवेरे एक कर्मचारी मौके पर पहुंचा और ट्रांसफार्मर का निरीक्षण कर लौट गया। देर शाम तक इसे ठीक नहीं किया गया था।
काॅलोनी के लोगों कुलदीप सैनी, गोपाल सैनी, श्रीराम सैनी, ईश्वर सिंह, पवन कटारिया, विष्णु सैनी आदि ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर पिछले कई दिनों से झूल रहा था। थोड़ी की हवा चलने पर यह झूलने लगता, जिसके चलते उन्होंने बच्चों को इसके आसपास खेलने से मना कर दिया। यही नहीं, यहां से गुजरने वाले लोगों को भी सतर्कता बरतने को कहा गया। ट्रांसफार्मर झूलने की जानकारी निगम को दे दी गई, लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब दस दिनों से बिजली निगम को शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
चालू नहीं थी यह लाइन
बिजलीनिगम का ट्रांसफार्मर जिस खंभे से गिरा, उसकी लाइनों में अभी बिजली नहीं छोड़ी गई थी। निगम ने अपनी नई व्यवस्था के चलते इस ट्रांसफार्मर को स्थापित किया था, लेकिन अभी तक इसे मेन लाइन से नहीं जोड़ा गया था। इस कारण ट्रांसफार्मर गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित नहीं हुई, लेकिन बड़ा हादसा होते-होते बचा।
मंडी सैनियान काॅलोनी में सड़क पर गिरा ट्रांसफार्मर दिखाते लोग।