- Hindi News
- बुजुर्गों को घर बैठे होगा पेंशन का भुगतान
बुजुर्गों को घर बैठे होगा पेंशन का भुगतान
पेंशनके लिए बैंक खाते खुलने से आशंकित बुजुर्गों के लिए यह राहत देने वाली खबर है। अगले महीने से सभी तरह की पेंशन और भत्ते लाभार्थियों के बैंक खातों में डाले जाने की योजना के तहत उन बुजुर्गों को पेंशन घरों में प्रदान की जाएगी, जिनकी उम्र 90 साल या इससे अधिक है। यहीं नहीं, निशक्त और चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्गों की पेंशन का भुगतान भी उनके घरों में किया जाए, चाहे वह किसी भी आयु वर्ग के हैं। घरों में पेंशन का भुगतान बैंक कर्मचारी करेंगे।
सरकार की योजना के तहत बुजुर्गों और अन्य लाभार्थियों के बैंक खाते खोलने का काम सोमवार से शुरू होगा। नगर परिषद द्वारा नौ और दस फरवरी को जनवरी की पेंशन और भत्ते का वितरण किया जाना है। पेंशन और भत्तों के वितरण के दौरान ही लाभार्थियों के खाते खोले जाएंगे। लाभार्थियों को अपने साथ सिर्फ दो पासपोर्ट साइज के फोटो और रिहायशी पहचान पत्र लाने होंगे। इन पहचान पत्रों में आधार कार्ड, राशन कार्ड या रिहायश प्रमाणित करने वाला कोई भी दस्तावेज हो सकता है। बैंक कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर लाभार्थियों से दस्तावेज लेंगे और बैंक जाकर खाते खोलेंगे।
शहरमें लाभार्थियों की संख्या 9139
शहरमें वृद्धावस्था सम्मान अन्य तरह के लाभार्थियों की संख्या 9139 है। विभाग के अनुसार सबसे अधिक लाभार्थी 941 वार्ड 14 में हैं। अधिक संख्या में दूसरे नंबर पर वार्ड 19 है, जिसमें 746 लाभार्थी हैं। सबसे कम लाभार्थी 189 वार्ड 10 में हैं।
अन्य वार्डों में लाभार्थियों की स्थिति
वार्ड1- 362, वार्ड 2-495, वार्ड 3-371, वार्ड 4-461, वार्ड 5-373, वार्ड 6-294, वार्ड 7-359, वार्ड 8-260, वार्ड 9 -428, वार्ड 11-309, वार्ड 12-248, वार्ड 13-383, वार्ड 15-474, वार्ड 16-304, वार्ड 17-687, वार्ड 18-470, वार्ड 20-393, वार्ड 21-592
तीन महीने में निकालनी होगी पेंशन
बैंकखातों में पेंशन और भत्ते के जाने के बाद लाभार्थियों को तीन महीने में कम से कम एक बार राशि जरूर निकलवानी होगी। तीन महीने में अगर एक बार भी राशि नहीं निकलवाई तो पेंशन बंद कर दी जाएगी। पेंशन को फिर से चालू करवाने के लिए समाज कल्याण विभाग से मंजूरी लेनी होगी। किसी लाभार्थी को एटीएम कार्ड या चेकबुक नहीं मिलेगी। सूत्रों ने बताया कि यह व्यवस्था इसलिए सुनिश्चित की गई है कि किसी लाभार्थी के परिवार का कोई सदस्य पेंशन ले जाए। इसके अलावा किसी लाभार्थी के निधन पर बैंक और विभाग को बिना किसी की सूचना के जानकारी मिल जाएगी।