पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आधार कार्ड बनाने के लिए वसूली किए जाने की प्रशासन से शिकायत

आधार कार्ड बनाने के लिए वसूली किए जाने की प्रशासन से शिकायत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आधारकार्ड बनाने में धांधली और वसूली के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन और आवेदकों दोनों ने मोर्चा खोल दिया। कार्ड बनाने के बदले आवेदकों से अवैध वसूली की शिकायतों के चलते सवेरे प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार ने छापा मारा, वहीं आवेदक भी लघु सचिवालय पहुंचे और सीधे एसडीएम से मुलाकात की। एसडीएम ने तहसीलदार को मामले की जांच के आदेश दिए हैं, वहीं नायब तहसीलदार ने कार्ड बनाने की जगह को बदलने के निर्देश दिए।

प्रशासन को पिछले कई दिनों से आधार कार्ड बनाने के नाम पर पचास रुपए प्रति व्यक्ति की दर से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर प्रशासन की तरफ से सवेरे नायब तहसीलदार सतबीर कौशिक ने तोशाम चुंगी के समीप आधार कार्ड बनाने वाले की जांच के लिए भेजा गया। कौशिक जिस समय छापे के लिए पहुंचे, आधार कार्ड बनाने वाले नहीं पहुंचे थे। कुछ देर वह आए तो कौशिक ने उनके संस्थान में जांच की। कौशिक ने पाया कि जिस संस्थान में कार्ड बनाए जा रहे हैं, वहां जगह बेहद कम है और यह फस्र्ट फ्लोर पर है। आवेदकों की संख्या बढऩे पर सभी को संस्थान में जगह नहीं मिल पाती। दूसरी ओर कार्ड बनवाने पहुंचे अनेक लोग लघु सचिवालय पहुंच गए और एसडीएम योगेश मेहता से मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम को शिकायत देकर कार्ड बनाने वाले पर धांधली करने का आरोप लगाया। शहर के राजकुमार, पुष्पा, रमेश कुमार, रामफल, सिसाय के सतबीर और राजेश, डाटा के कपूर सिंह, विपिन, ढाणी पुरिया के विरेंद्र, तालु के सोमबीर, कुलाना के चंद्रभान ने बताया कि आधार कार्ड बनाने के नाम पर अनियमितताएं बरती जा रही हैं। ग्रामीण इलाके के आवेदकों ने कहा कि वह किराया भरकर कार्ड बनवाने के लिए शहर में आते हैं, लेकिन कार्ड नहीं बनाए जाते। आरोप लगाया कि आधार कार्ड बनाने के लिए प्रति व्यक्ति पचास रुपए तक की वसूली की जा रही है।

आधार कार्ड बनाने में धांधली की शिकायत लेकर एसडीएम के पास पहुंचे लोग।

कार्रवाई की मांग