- Hindi News
- सिविल अस्पताल का मेडिकल ऑिफसर रोहतक में रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
सिविल अस्पताल का मेडिकल ऑिफसर रोहतक में रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
सिविलअस्पताल के मेडिकल आॅफिसर डा. रविंद्र साहू को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते विजिलेंस ने रोहतक से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बतौर मेडिकल आफिसर साहू की तैनाती पिछले माह ही रोहतक से सिविल अस्पताल में हुई थी।
रोहतक विजिलेंस विंग को नारनौल निवासी मनोज कुमार ने शिकायत की थी कि डाक्टर रवींद्र साहू उसके पक्ष में कोर्ट में गवाही देने के एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत मांग कर रहा है। मनोज ने शिकायत में कहा कि उसके साथी शीशपाल को जनवरी 2014 में हुई एक सड़क दुर्घटना में सिर में चोट लगी थी। इस पर पीजीआई रोहतक ने एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया था। डाक्टर रवींद्र साहू भी उस बोर्ड के सदस्य थे। शिकायतकर्ता के अनुसार सेशन कोर्ट ने 23 फरवरी को समन देकर डाक्टर साहू को कोर्ट में गवाही के लिए बुलाया है। उसने कहा की डाक्टर कोर्ट में गवाही देने के एवज में उससे पांच हजार रुपये मांग कर रहा है। मनोज कुमार ने बताया कि उसने डाक्टर की रिश्वत मांगते हुए की काल रिकार्डिंग भी अपने मोबाइल में कर रखी है।
इस पर उपायुक्त रोहतक ने तहसीलदार को डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। टीम ने मनोज को रंग से रंगे नोटों के साथ डाक्टर के पास भेज दिया। टीम ने मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मौके से ही डाक्टर को पांच हजार के रंग लगे नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
सिविल अस्पताल पहले ही डाक्टरों की कमी झेल रहा है। अब डाक्टर रवींद्र साहू के रिश्वत लेते विजिलेंस के द्वारा पकड़े जाने के बाद अस्पताल से एक डाक्टर और कम हो गया है। वर्तमान में डा. कामिद मोंगा, डा. राहुल बुद्धिराजा, डा. दीपा सचदेवा, डा. अंजली, डा. ज्योति तैनात है। एसएमओ डा. अनुपमा ज्वाइनिंग के तुरंत बाद छुट्टी पर चली गई। वहीं मंगलवार को नई तैनाती पर आई डा. सोनाली ढिल्लों भी ज्वाइनिंग के बाद छुट्टी पर चली गई। ऐसे में यहां पर संकट बरकरार है।