हिसार। शहर में नगर परिषद के वार्ड अब छोटे-बड़े नहीं होंगे। तमाम वार्डों में लगभग एक समान आबादी को शामिल किया जाएगा। यह व्यवस्था नई वार्डबंदी के लिए शुरू किए गए सर्वे के पूरे होने के बाद लागू होगी। सर्वे आरंभ हो चुका है और इसके अगले करीब तीन सप्ताह में पूरे होने की उम्मीद है। सर्वे की रिपोर्ट के बाद स्थानीय निकाय के अधिकारी अपनी मौजूदगी में नई वार्डों का गठन करेंगे।
गौरतलब है कि नगर परिषद के वार्डों की आबादी को लेकर बार-बार सवालिया निशान उठ रहे हैं। अभी ऐसी व्यवस्था है कि किसी वार्ड में काफी काम मतदाता और लोग हैं, जबकि परिषद की राजनीति में सक्रिय प्रभावशाली नेताओं ने अपनी सुविधा के अनुसार अपने वार्डों में अधिक मतदाताओं को शामिल कराया हुआ है। परिषद के सूत्रों ने बताया कि नई वार्डबंदी के लिए सर्वे पूरा होते ही इसकी रिपोर्ट विभाग के मुख्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद विभाग के उप निदेशक स्तर के अधिकारी यहां आकर नई वार्डबंदी तय करेंगे।
जातीय सर्वे भी चल रहा
नई वार्ड बंदी के लिए चल रहे सर्वे में शहर में सभी इलाकों में जातीय आधार पर लोगों की गिनती करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे में शामिल कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह हर इलाके में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के लोगों को कैटेगराइज करें। इनके अलावा महिलाओं और बच्चों की वास्तविक संख्या की जानकारी लेने के निर्देश भी दिए गए हैं। जातीय आधार पर सर्वे का मुख्य उद्देश्य 2011 के बाद इनकी संख्या में हुई बढ़ोतरी का पता लगाने और जातीय आधार पर वार्ड आरक्षित किए जाने है।