हांसी. बसपा के टिकट को लेकर पूरे दिन संशय की स्थिति बनी रही। नगर पार्षद हरिराम सैनी ने दो दिन पहले दावा किया कि पार्टी ने उन्हें टिकट दिया है। जुलूस भी निकाला, लेकिन ऐनवक्त पर आज पता चला कि बसपा का टिकट पूर्व विधायक अमीर चंद मक्कड़ की पुत्रवधु रेणु मक्कड़ ले आई हैं। रेणु ने इससे पहले हजकां से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे की घोषणा की थी।
रेणु नामांकन दाखिल करने के लिए लघु सचिवालय पहुंच गई, लेकिन पर्चा दाखिल नहीं किया। मक्कड़ का कहना है कि समय बीत जाने के कारण वह नामांकन दाखिल नहीं कर पाई। उधर, सैनी टिकट पर अपना दावा दोहराते हुए दिल्ली चले गए और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की।
उन्होंने भास्कर को बताया कि अभी किसी का टिकट फाइनल नहीं हुआ है। वह हांसी लौट रहे हैं और टिकट किसे मिला, इसकी जानकारी देर रात या शनिवार सवेरे मिलेगी। उधर, रेणु मक्कड़ के पति रविंद्र मक्कड़ ने कहा कि वह नामांकन दाखिल करने गए थे, लेकिन समय कम बचा होने के कारण पर्चा दाखिल नहीं कर पाए। शनिवार को वह हर हाल में नामांकन दाखिल करेंगे। बसपा का टिकट रेणु को मिल चुका है।