स्कूली बच्चों का रोड सेफ्टी एग्जाम कल
हांसी | ट्रैफिकपुलिस के स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया गया। यह परीक्षा अब 10 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। गौरतलब है कि अपने इस अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस की तरफ से शहर के आठ स्कूलों के विद्यार्थियों को पुस्तकें प्रदान की गई हैं। अध्ययन के बाद ट्रैफिक पुलिस की तरफ से 8 दिसंबर को परीक्षा के आयोजन का फैसला किया गया। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। बच्चे सवेरे परीक्षा के लिए तैयार होकर आए थे कि उन्हें इसके स्थगित होने की जानकारी मिली। बच्चों को बताया गया कि यह परीक्षा अब दस दिसंबर को होगी। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों की पहली से पांचवीं कक्षा, छठी से आठवीं कक्षा नौवीं से 12वीं कक्षा की श्रेणियां बनाई गई है। पुस्तकों में बच्चों की आयु और कक्षा के मद्देनजर सामग्री उपलब्ध कराई गई है। ट्रैफिक पुलिस के जिला निरीक्षक वीरेंद्र फौगाट ने बताया कि परीक्षा बच्चों को पुस्तकों के अध्ययन के लिए अतिरिक्त समय देने के लिए स्थगित की गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पुस्तकों के अध्ययन के लिए अब दो दिन और मिल जाएंगे।