- Hindi News
- उमरा में गली निर्माण पर विवाद जारी अफसर नहीं बनवा पाए सहमति
उमरा में गली निर्माण पर विवाद जारी अफसर नहीं बनवा पाए सहमति
उमरामें वाल्मीकि बस्ती की तरफ जाने वाली कंकरीट की गली पर निर्माण शुरू करने के विवाद का कोई हल नहीं निकला। तहसीलदार साहब राम बिश्नोई पुलिस दल के साथ मौके पर गए। विवादित जगह का निरीक्षण किया और लोगों से इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने लोगों से विवाद को अपने स्तर पर निपटाने की जरूरत बताई, लेकिन लोगों की तरफ से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर वह लौट आए।
वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने सोमवार को डीएसपी सिद्धार्थ ढांडा को ज्ञापन देकर गांव के कुछ लोगों पर उनकी बस्ती और मंदिर की तरफ जाने वाली गली पर निर्माण शुरू करने की शिकायत की थी। लघु सचिवालय पहुंचे लोग ह्यूमन राइट्स लॉ नेटवर्क के प्रदेश संयोजक एडवोकेट रजत कल्सन के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी से मिले और जाट समुदाय के लोगों पर गली पर निर्माण शुरू करने का आरोप लगाया। पुलिस अधिकारी से मिलने आए लोगों ने निर्माण के चलते गांव में तनाव की स्थिति होने की जानकारी दी। जिस पर निर्माण रुकवा दिया गया।
प्रशासन ने मामले की जांच के लिए दिन में तहसीलदार साहब राम बिश्नोई और पुलिस दल को मौके पर भेजा। बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों से बात की। वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने गली में निर्माण होने पर उन्हें होने वाली परेशानी से अवगत कराया।
दूसरी तरफ निर्माण करने वाले रणधीर सिंह ने इस जगह को कानूनी तौर पर अपनी होने का दावा दोहराते हुए कहा कि वह कानून के दायरे में रहकर निर्माण करा रहे हैं। समाधान के लिए दोनों पक्षों को अपने स्तर पर हल निकालने की सलाह दी गई, लेकिन बात नहीं बनी। जिस पर तहसीलदार और पुलिस बल स्थिति का जायजा लेकर लौट आए। गांव के सरपंच करतार सिंह ने कहा कि तहसीलदार और पुलिस वाले गांव में आए थे, लेकिन मसले का कोई हल नहीं निकला। अधिकारी ने दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों को हांसी बुलाया है। देखते हैं आगे क्या होता है।
एसडीएम योगेश महता ने बताया कि तहसीलदार और पुलिस को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने दोनों पक्षों से बात की है। तहसीलदार की तरफ से मुझे बुधवार को रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद कार्रवाई करेंगे।