- Hindi News
- भाई को पिटते देख बचाने दौड़े हवलदार को युवकों ने पीटा
भाई को पिटते देख बचाने दौड़े हवलदार को युवकों ने पीटा
{ कार पर ईंटें बरसाईं और लोहे की राॅड हॉकी स्टिक से हमला
भास्करन्यूज | हांसी
अनाजमंडी के समीप एक दर्जन से अधिक युवकों ने कार सवार दो लोगों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। घटना के समय कार सवार एक युवक का भाई उसे बचाने आया तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा। वह हरियाणा पुलिस में कर्मचारी है। हमले के समय कार सवार एक युवक ने पास स्थित पुलिस चौकी में घुसकर जान बचाई। हमले में घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। अभी हमले के कारणों की जानकारी नहीं मिली है।
घटना दोपहरबाद करीब साढ़े तीन बजे की है। चादरपुल का रहने वाला राजेंद्र अपने दोस्त दलीप के साथ सैंट्रो कार में बैठा था। तभी कई मोटर साइकिलों पर सवार होकर एक दर्जन से अधिक युवक पहुंचे और कार पर हमला बोल दिया। उन्होंने कार पर ईंटें बरसाई और लोहे की राड, हॉकी आदि से हमला किया। घटना के समय राजेंद्र का भाई धर्मपाल पास की एक दुकान पर सामान खरीद रहा था। उसने भाई पर हमला होते देखा तो उसे बचाने दौड़ा। आरोप है कि हमलावरों ने उसे भी लपेटे में ले लिया और उस पर हमला कर घायल कर दिया। हमले के बाद धर्मपाल जमीन पर गिर गया।राजेंद्र हमलावरों के तेवर देखते हुए किसी तरह से कार से उतरा और भागकर अनाज मंडी पुलिस चौकी में घुस गया। पुलिस चौकी घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है। चौकी में घुसने के कारण हमलावर उसे और चोट नहीं पहुंचा पाए। हमले में घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को रेफर कर दिया। घायल धर्मपाल की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि युवक राजेंद्र कार लेकर चौकी में आया था, बाद में उसे परिजन उसे अपने साथ ले गए।
घायलों के बयान दर्ज किए जाने के बाद ही घटना की असल वजह का पता चल पाएगा। इस घटना में हमलावरों ने एक कार को भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त किया है।
जयबीरसिंह, अनाजमंडी पुलिस चौकी के प्रभारी
घायल दलीप
घायल राजेंद्र
कार को भी नुकसान
अनाज मंडी के समीप हमले में क्षतिग्रस्त कार।
घायल राजेश