तहसीलदार आज सौंपेंगे रिपोर्ट
{ नारनौंद के एक केंद्र अधीक्षक को भी किया तलब
भास्करन्यूज | हांसी
हरियाणाविद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में मैथ का पेपर लीक होने के बाद शाम लघु सचिवालय में प्रशासनिक, बोर्ड शिक्षा विभाग के अधिकारियों की लंबी बैठक चली। बैठक नारनौंद के एक केंद्र अधीक्षक द्वारा प्रश्न-पत्र देरी से जमा कराने पर उपजे संदेह के चलते की गई। प्रशासन को सूचना मिली थी नारनौंद के एक अधीक्षक ने बोर्ड के दिशा-निर्देश के बावजूद प्रश्न-पत्र देरी से जमा कराए। सूत्रों के अनुसार प्रश्न-पत्र का बंडल भी खुला था, जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे हांसी तलब कर लिया। हांसी में एसडीएम योगेश मेहता के आदेश पर उसे लघु सचिवालय बुलाया गया।
सचिवालय में मेहता ने स्वयं मामले की जांच करनी थी, लेकिन चुनावी पर्यवेक्षकों के साथ बैठक में व्यस्त होने के कारण उन्होंने तहसीलदार साहब राम बिश्नोई को मामले की जांच के निर्देश दिए। बिश्नोई ने अपने कार्यालय में शिक्षा बोर्ड, शिक्षा विभाग और संबंधित केंद्र अधीक्षक के साथ बैठक की। बैठक में अधीक्षक से कारण तलब किया। यही नहीं, प्रशासन ने अधीक्षक की अन्य स्रोतों से पड़ताल आरंभ कर दी।
जवाब नहीं बना
लंबी चली बैठक में केंद्र अधीक्षक कई सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। तहसीलदार ने अभी प्रशासन को मामले की जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी है। एसडीएम योगेश मेहता ने टिप्पणी मांगने पर कहा कि गुरुवार को तहसीलदार उन्हें अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिसके बाद वह कुछ कहने की स्थिति में होंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्हें बोर्ड के अधिकारियों का टेलीफोन भी आया था। जिसके बाद उन्होंने तहसीलदार को गहनता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है।