- Hindi News
- गली में मकान बनाने के विवाद में उमरा पहुंचे डीसी और एसपी
गली में मकान बनाने के विवाद में उमरा पहुंचे डीसी और एसपी
उमरामें कंकरीट की गली पर निर्माण को लेकर उपजे विवाद के समाधान के लिए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। विवाद के समाधान के लिए उपायुक्त एमएल कौशिक और पुलिस अधीक्षक विकास धनखड़ अन्य अधिकारियों को साथ लेकर उमरा गए और पंचायत कर दोनों गुटों के लोगों से बात की। पंचायत करीब दो घंटे चली, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अधिकारियों ने इस दोनों पक्षों के लोगों को विवाद के जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं निकला तो प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।
गौरतलब है कि उमरा में बाल्मीकि बस्ती और चौपाल की तरफ जाने वाली गली पर निर्माण को लेकर सोमवार से विवाद चल रहा है। विवाद जाट समुदाय के एक व्यक्ति रणधीर सिंह द्वारा गली पर निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर हुआ। वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने ऐतराज जताया और कहा कि इस निर्माण से उनकी बस्ती की तरफ जाने वाली गली बंद हो जाएगी। दूसरी ओर निर्माण करने वाले ने इस जगह को अपनी संपत्ति बताया।