पंवार बोले - शरारती तत्व कर रहे बदतमीजी
इसराना | भाजपाप्रत्याशी कृष्णलाल पंवार ने गुरुवार को इसराना में एक कार्यक्रम के दौरान किसी पार्टी का नाम लेते हुए कुछ शरारती कार्यकर्ताओं पर बदतमीजी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन में प्रचार के दौरान किसी पार्टी के कुछ कार्यकर्ता पास से गाली दे कर गुजरते हैं और उनकी गाड़ियों से झंडे तक उतार लिए जाते हैं। जब उनसे पार्टी का नाम पूछना चाहा तो उन्होंने इसे बताने से इनकार कर दिया। पंवार ने अपने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि विरोधी कैसा भी व्यवहार करें, लेकिन उन्हें शांत रहना है और अपना काम करना है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर वार करते हुए कहा कि हरियाणा निर्माण के समय प्रदेश पर केवल 23 हजार करोड़ का कर्ज था, लेकिन कांग्रेस राज में यह कर्ज बढ़कर 86 हजार करोड़ हो गया है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में जब कोई बच्चा जन्म लेता है तो वो 30 हजार का बोझ लेकर पैदा होता है। इसलिए अब बदलाव का समय गया है। इस मौके पर धर्मपाल जागलान, सुमित्रा देवी, सत्तू नाई, जसबीर, सुनील पौड़िया मौजूद रहे।
इसराना में लोगों को संबोधित करते भाजपा प्रत्याशी कृष्णलाल पंवार।