जगाधरी नगर निगम के एमई को ग्रामीणों ने किया सम्मानित
मॉडल कम्यूनिटी सेंटर्स की सुविधा दिलवाने के लिए डीसी प्रेमचंद का भी आभार जताया
भास्करन्यूज| यमुनानगर
एससीबस्तीयोजना के तहत नगर निगम की ओर से जगाधरी एरिया में बने तीन मॉडल कम्यूनिटी सेंटर्स के निर्माण में अहम भूमिका निभाने के लिए ग्रामीणों ने म्यूनिसिपल इंजीनियर गोपाल कलावत को सम्मानित किया है। शाल के साथ उन्हें एक स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया। इस सिलसिले में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। ग्रामीणों ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पर डीसी डॉ.एसएस फूलिया ज्वाइंट कमिश्नर प्रेमचंद को भी सम्मानित करने का ऐलान किया है।
रटौली में गुरु रविदास मंदिर कमेटी एवं डॉ.भीमराव अम्बेड़कर सभा के प्रधान कर्मचंद ने कहा कि निगम की ओर से उन्हें मॉडल कम्यूनिटी सेंटर्स उपलब्ध करवाने में अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई। कर्मचंद ने कहा कि गांव में ऐसी कोई जगह नहीं थी जहां वे शादी या फिर दूसरे समारोहों का आयोजन कर सके। सेंटर बनने से अब उनकी इस समस्या का समाधान हो गया है। गढ़ी बंजारा में डॉ.बीआर अम्बेड़कर सभा के प्रधान जोनी ने कहा कि ये सेंटर दलित समाज के लिए किसी तोहफे से कम नहीं हैं। जोनी ने बताया कि वे लंबे समय से मॉडल कम्यूनिटी सेंटर की मांग कर रहे थे। जब डीसी डॉ.एसएस फूलिया के सामने इस समस्या का जिक्र किया तो उन्होंने तुरंत एमई गोपाल के जरिए सेंटर के एस्टीमेट बनाने के आदेश दिए।