जाखल में विकास की कमी नहीं रहने दी जाएगी: बराला
निरीक्षण के दौरान पत्रकार वार्ता की, किया संबोधित
भास्करन्यूज | जाखल
जाखलमें विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। इसमें चाहे यहां पर बनाए जा रहे रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा कराने की बात हो या फिर नई सब्जी मंडी को चालू करवाना हो। जाखल मंडी में विकास करवाने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं हलका विधायक सुभाष बराला ने शुक्रवार को कुलां भूना रोड पर बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद पत्रकार वार्ता में कही।
बराला ने इस दौरान पिछले पांच सालों से खंडहर में तब्दील हो चुकी करीब 85 लाख की लागत से बनी नई सब्जी मंडी का भी निरीक्षण कर इसकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी को भी चालू करवाने के लिए कार्रवाई जल्द की जाएगी। वहीं बराला ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा करीब 40 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे आरओबी पर पहुंच कर लोक निर्माण विभाग अधिकारियों से इसका मुआयना किया। बराला ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए इसे जल्द पूरा करने के आदेश भी दिए। बराला ने कहा कि इस ओवर ब्रिज का निर्माण होने से हरियाणा पंजाब के कई शहरों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जाखल मंडी के नए बस स्टेंड का निर्माण करवाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर भेजा जा चुका है। नए बस स्टेंड का निर्माण कार्य भी जल्द ही शुरू करवा दिया जाएगा।
मंडी के गंदे पानी की निकासी पर कहा कि इसके स्थाई समाधान करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बनी कमियों पर उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष कर कहा कि पूरे प्रदेश में यह समस्या उन्हें विरासत में मिली है।
उनके साथ भाजपा मंडलाध्यक्ष हरमेश शर्मा, हरीश गर्ग, अरूण गुप्ता, जगबीर सिं जग्गा, महावीर गर्ग, डा. यादवेंद्र शर्मा, जगसीर लवला, गगन सिंह तलवाड़ा, एसडीओ राहुल चहल, सुरेंद्र लाली, अमरनाथ जिंदल के अलावा मुस्साखेड़ा, चांदपुरा, तलवाड़ा आदि मौजूद थे।
बन रहे रेलवे ओवरब्रिज का मुआयना करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला