गुरुद्वारे से चोरी करने वाला पकड़ा गया
कुलां | दिवानागुरुद्वारे के दानपात्र से चोरी करने वाला आरोपी पकड़ा गया। ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। गुरुद्वारे के ग्रंथी गुरबख्श सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर वह गुरुद्वारे में पाठ करने के लिए दरबार हाल में गया। जब वह एक घंटा पाठ करने के बाद उठा तो उसको गुरुग्रंथ साहिब की पालकी साहिब के नीचे कुछ आहट की आवाज सुनाई दी। जब उसने पालकी साहिब के नीचे देखा तो वहां पर एक युवक छुपा हुआ था। जब उसे बाहर निकाल कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम 17 वर्षीय कालू राम पुत्र गोपी राम निवासी दिवाना बताया। ग्रंथी ने तत्काल उसे काबू कर गुरुद्वारे के लाउडस्पीकर से मुनियादी कर ग्रामीणों को घटना के बारे में सूचना दी। मुनियादी सुन कर काफी ग्रामीण गुरुद्वारे में पहुंच गए और उससे सख्ती से आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा कि वह गुरुद्वारे के दानपात्र की नकली चाबी बनवा कर लाया था और उसमें से नकदी चुरा रहा था। उसके बाद उससे वह नकली चाबी भी बरामद की गई। बाद में ग्रामीणों ने उसकी पिटाई की और जाखल थाना में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच करने में लगी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गुरुद्वारे के दानपात्र में से नकदी कम निकल रही थी।