पशुधन से लदा ट्रक पुलिस ने पकड़ा
तलवाड़ारोड पर रविवार को पंजाब सीमा में रेलवे फाटक के पास पशुधन से लदे ट्रक को पंजाब पुलिस ने काबू कर लिया। ट्रक में करीब एक दर्जन गाय बछड़े ठूंसे हुए थे। ट्रक की बॉडी को पूरी तरह से सील किया हुआ था। ट्रक चालक अौर उसका सहचालक पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए।
रेलवेपुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया
रेलवेफाटक के नजदीक पंजाब की जीआरपी पुलिस ने एक ट्रक को लावारिस हालत में खड़ा हुआ पाया। पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसकी बॉडी आगे पीछे से पूरी तरह सील किए हुए पाई। इस पर पुलिस का शक ओर भी बढ़ गया। पुलिस ने ट्रक के बारे में पंजाब की चोटियां पुलिस को सूचना दी। वहीं सूचना मिलते ही चोटियां पुलिस चौकी प्रभारी बलवंत सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
रेलवे पुलिस एवं चोटियां पुलिस ने ट्रक को खोलकर छानबीन कर प्रयास किया लेकिन बॉडी पूरी तरह से सील पाकर अंदर से कुछ भी पता नहीं चला। वहीं ट्रक के अंदर से गायों एवं बछड़ों के रेंगने की आवाजें आई तो पुलिस को मामला समझ में आया। इस पर ट्रक के मिलने का क्षेत्र रेलवे के अधीन होने पर संगरूर जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे अपने कब्जे में ले लिया।
जाखल स्थित जीआरपी संगरूर चौकी इंचार्ज छिंदर पाल ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल ट्रक के मालिकों एवं उसे ले जाने वालों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ट्रक के बारे में पता लगाकर मामले की जांच में जुटी है।