‘सरकारी योजनाओं का सबको मिलेगा लाभ’
प्रदेशसरकार का मुख्य मकसद यही है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पाने से कोई भी पात्र वंचित रहे। योजनाओं का सीधा लाभ उन लोगों तक पहुंचे जिनके लिए इन्हें शुरू किया गया है। यह बात हल्का विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने गुरुवार को जाखल के करीब एक दर्जन भर गांवों में धन्यवादी दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें विधायक बनाकर क्षेत्र की सेवा का मौका दिया है उसे वे दिन-रात मेहनत करके पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ गांव-गांव और परिवार-परिवार तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जमीन के इंतकाल का कोई भी मामला लंबित नहीं रहने दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए। बराला ने गांव तलवाड़ा, तलवाड़ी, साधनवास, सिधानी, चांदपुरा, मुंदलिया, शक्करपुरा, मुसाखेड़ा, रत्ताथेह, करंडी रुपांवाली आदि गांवों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सौ दिनों के कार्यकाल में सीएम विंडो, ई-रजिस्ट्री, स्वच्छता बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान चलाकर सरकार ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी के संकेत दिए हैं। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों पर संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को परियोजनाओं का एस्टीमेट बनवाने के निर्देश दिए।
जाखल। दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला।