- Hindi News
- चार दिन के भीतर जमा होंगे दावे और आपत्तियां
चार दिन के भीतर जमा होंगे दावे और आपत्तियां
मतदाता सूची को दुरुस्त करने का मामला
भास्करन्यूज | झज्जर
जिलानिर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डाॅ . अंशज सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के संबंधित दावे एवं आपत्ति 16 दिसंबर तक लिए जाएंगे। इस कार्य के लिए 14 दिसंबर को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद भी रहेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 दिसंबर के दिन सभी बीएलओ अपने मतदान केंद्र पर सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे तक उपस्थित रहेंगे।
इस दौरान किसी भी व्यक्ति को मतदाता सूची से संबंधित किसी प्रकार की आपत्तियां दावा हो तो वह बीएलओ के समक्ष प्रस्तुत हो सकता है। उन्होंने बताया कि अगर कोई भी बीएलओ ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 34 के तहत कार्रवाई की जाएगी। सभी बीएलओ 16 दिसंबर को प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों को अगले दिन जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराए। डॉ. अंशज सिंह ने बताया कि इस बार मतदाता सूची के लिए क्वालिफाइंग तिथि एक जनवरी, 2015 है। जिस भी पात्र व्यक्ति को अपना मत बनवाना हो तो वह फार्म संख्या छह को भरकर अपना आवेदन कर सकता है।
इसी प्रकार मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए फार्म संख्या सात, शुद्धि के लिए फार्म संख्या आठ तथा अपने वोट को उसी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में दूसरे बूथ पर फार्म संख्या 8क भरकर जमा करा सकता है।