महिला छेड़छाड़ के आरोप में दो गिरफ्तार
साल्हावास| थानासाल्हावास पुलिस द्वारा छेड़छाड़ के दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि थाना साल्हावास में एक महिला द्वारा दरखास्त देते हुए मामला दर्ज कराया था कि वह घर पर अकेली थी और शमशेर निवासी सेहलंगा उसे बार-बार गंदे शब्द बोलता है और अश्लील हरकतें करता है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि शमशेर ने पहले भी कई बार उसके घर आकर उसके साथ छेड़छाड़ की है। इसकी शिकायत उसने पुलिस को पहले भी दी थी, लेकिन सरपंच ने फैसला करवा दिया था। उसके बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। तब पुलिस ने आरोपी को सेहलंगा गांव से पकड़ा। वहीं, दूसरी ओर एक महिला द्वारा गांव गोरिया निवासी योगेश के खिलाफ थाना साल्हावास में मामला दर्ज कराया कि योगेश 4 फरवरी की शाम को उसके मकान के पास शराब पीकर आया और गंदी-गंदी गालियां देने लगा। जब उसने रोका तो उसने कपड़े फाड़ दिए। इस पर थाना साल्हावास पुलिस द्वारा योगेश को पकड़कर अदालत झज्जर में पेश किया।