- Hindi News
- नाराज होकर गए रेलवे कर्मी का बेटा लापता, नहर के पास मिली बाइक
नाराज होकर गए रेलवे कर्मी का बेटा लापता, नहर के पास मिली बाइक
नाराजहोकर घर से जाने वाले रेलवे कर्मचारी के बेटे की बाइक बुधवार की रात माइना गांव के पास जेएलएन नहर की पटरी पर मिली। परिजनों ने उसके लापता होने की रिपोर्ट सदर थाने में दर्ज कराई है। गुरुवार को रेलवे कर्मचारियों ने डीसी से मुलाकात कर नहर में जाल डालकर तलाशी कराने की मांग की। दिनभर तलाश होती रही, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
झज्जर बाईपास सूत मिल के नजदीक हरिसिंह कॉलोनी निवासी सुदर्शन रेलवे विभाग में एमसीएम के पद तैनात हैं। उनका बड़ा बेटा नीरज (23) बुधवार की शाम किसी बात से नाराज होकर बाइक से निकल गया। बाद में तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस बीच किसी ने माइना गांव के पास नहर की पटरी पर बाइक खड़ी होने की सूचना दी। परिजन मौके पर गए तो बाइक खड़ी मिली। साथ ही नहर की पटरी से पानी में नीचे उतरने का निशान भी मिला।
गुरुवार की सुबह स्टेशन अधीक्षक बीएस मीणा के साथ सुदर्शन और अन्य रेलवे कर्मचारियों ने डीसी डॉ. अमित कुमार अग्रवाल से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी। डीसी के आदेश पर सिंचाई विभाग ने गोताखोर बुलाया गया। उसके बाद नहर पर दिनभर चौकसी की गई, लेकिन नीरज का कुछ पता नहीं चला। इस दौरान रेलवे कर्मचारी और सगे-संबंधी, रिश्तेदार सुदर्शन के साथ नहर पर मौजूद रहे।
रोहतक. लापतायुवक के बारे में डीसी निवास पर अमित अग्रवाल से मिल कर आते रेलवे अधिकारी कर्मचारी।