- Hindi News
- प्राथमिक स्कूल के शिक्षकों ने वेतन पर किया मंथन
प्राथमिक स्कूल के शिक्षकों ने वेतन पर किया मंथन
राजकीयप्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई की बैठक श्रीराम शर्मा पार्क में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान सुधीर दलाल ने की। जिला महासचिव रमेश दहिया ने बैठक के मुख्य एजेंडा को जिला खंड कार्यकारिणी के समक्ष रखा। बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए जिला प्रेस प्रवक्ता सतपाल भारद्वाज ने बताया कि शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए वर्दी की तथा प्राथमिक स्कूलों में खाना पकाने के लिए रसोई घर बनवाने की राशि महंगाई के इस समय में अपर्याप्त है। वर्दी के लिए विभाग द्वारा 400 रुपए प्रति छात्र तथा रसोई घर के लिए एक लाख 72 हजार रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाती है। शिक्षा विभाग के मानकों के आधार पर इस राशि से कोई भी चीज पूरी नहीं की जा सकती।
इसके अलावा प्राथमिक स्कूलों को बिजली बिल भुगतान के लिए, पूरे साल के लिए केवल 2000 रुपए की राशि दी जाती है, जबकि विभाग के मानकों के अनुसार छात्रों को गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने में बिजली बिल की यह राशि केवल एक माह तक चलती है। इसके अलावा प्रदेश प्रवक्ता सोनू शर्मा ने कहा कि 19 सितंबर को रामलीला मैदान दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की वेतन विसंगतियां दूर करवाना, राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षकों के एक लाख 20 हजार रिक्त पदों पर प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति करना आदि है।