- Hindi News
- किताब में प्रकाशित होगा जींद के धार्मिक स्थलों का विवरण
किताब में प्रकाशित होगा जींद के धार्मिक स्थलों का विवरण
जींद | जिलेके ऐतिहासिक, पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कॉफी टेबल बुक बनाई जाएगी। इसके लिए जिला के सभी व्यक्तियों से धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थलों की दुर्लभ तस्वीरें उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया है। एडीसी गौरी पाराशर जोशी इस पर खुद काम करेंगी। उन्होंने गुरुवार को बताया कि इन स्थलों को अगर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला दी जाए तो जींद जिला में अनेक पर्यटक स्थल विकसित हो सकते हैं। पौराणिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों का जीर्णोद्धार करने के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड से जल्द ही बातचीत कर कार्य शुरू करवाया जाएगा। इसके लिए 5 सदस्यीय एक कमेटी का भी गठन कर दिया गया है। कमेटी में वे खुद चेयरमैन, डीआईपीआरओ को मेंबर सचिव, शिक्षाविद् जितेंद्र अहलावत को सदस्य इतिहास के दो प्राध्यापकों को शामिल किया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला के लोगों से यह भी आग्रह किया है कि ऐसे स्थलों की पुख्ता जानकारी है तो वे जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने साथ ही कहा कि पौराणिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों की बेहतरीन फोटो लाने एवं पुराने फोटो जुटाने वाले फोटोग्राफरों को सम्मानित भी किया जाएगा।