- Hindi News
- बसें नहीं रुकने पर विद्यार्थियों ने किया जींद गोहाना रोड जाम
बसें नहीं रुकने पर विद्यार्थियों ने किया जींद-गोहाना रोड जाम
जींद | रधानाके छात्रों ने बसें रूकने से खफा होकर मंगलवार को जींद-गोहाना मार्ग पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। छात्रों का कहना था कि चालक रोडवेज बसों को रोके बगैर सीधे निकाल ले जाते हैं। जिसके कारण उन्हें शिक्षण संस्थानों में पहुंचने में देरी हो जाती है। जाम की सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी जगबीर दहिया पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। लगभग आधा घंटे लगे जाम के कारण सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिससे यात्रियों को अच्छी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह रधाना के कई छात्र शिक्षण संस्थानों में जाने के लिए अपने गांव के बस अड्डे पर पहुंचे। काफी देर तक वहां पर बस चालकों ने एक भी बस को नहीं रोका। इस कारण सभी छात्र को शिक्षण संस्थानों में पहुंचने के लिए देरी होने लगी। इसी को लेकर छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। फिर उन्होंने अवरोधक डालकर रोड पर जाम लगा दिया। छात्रों ने कहा कि वे सुबह से बस स्टैंड पर खड़े हुए लेकिन एक भी बस नहीं रूकी। जिससे उनको शिक्षण संस्थानों में देरी हो रही है। छात्रों ने कहा कि हर रोज बस चालकों द्वारा इस प्रकार की मनमर्जी की जा रही है। समस्या के बारे मेंं प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन प्रशासन ने आज तक बसों का ठहराव निश्चित नहीं किया। जाम लगने की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और बसों को रूकवाने के आश्वासन के बाद छात्रों ने जाम हटाया।