नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाने को लगाए निशान
हाईकोर्टके आदेशों के बाद मंगलवार को नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पालिका के एमई सतीश गर्ग के नेतृत्व में कस्बे के रेलवे रोड पर अवैध कब्जे की निशानदेही की। निशानदेही के अनुसार दुकानों के आगे 3 से 8 फीट तक का अवैध कब्जा मिला है। प्रशासन ने अवैध कब्जे की निशानदेही करते हुए लाल स्याही से निशान लगाकर चिह्नित किया और दुकानदारों को तीन दिन का अल्टीमेटम देकर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए।
जींद रोड, रेलवे रोड, घोड़ा पुली रोड, महात्मा गांधी रोड, नया बस स्टैंड रोड खांसर चौक सहित अनेक जगहोंं पर वर्षों से दुकानदारों द्वारा पक्का अतिक्रमण किया हुआ है। ऐसे में यहां सड़क की चौड़ाई भी कम हो गई है। पालिका की इस कार्रवाई से दुकानदारों को भारी परेशानियां हो रही हैं। पालिका एमई सतीश गर्ग ने कहा कि कोर्ट के आदेशानुसार अब किसी भी दुकानदार को अतिक्रमण के प्रति ढील नहीं दी जाएगी। दुकानदार स्वयं अपने कब्जों को हटा लें तो अच्छा है, वरना प्रशासन ये काम करेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को खरीदारी करते हुए अपने वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ते हैं। इससे शहर में हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे शहर को मुक्ति दिलाने की कोशिश की जा रही है। इस अवसर पर उनके साथ कानूनगो महासिंह, बीआई बीरेंद्र सिंह, जेई कृष्ण अहलावत, कर्मबीर कल्याण, भजन सैनी, अनिल बूरा, भीम सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
सफीदों. अतिक्रमणकी निशानदेही करते हुए।