बेटा पैदा करने की पुड़िया देते महिला डॉक्टर रंगे हाथों पकड़ी
स्वास्थ्यविभाग की टीम ने शुक्रवार देर शाम भिवानी रोड स्थित एक प्रसुति होम पर कार्रवाई करते हुए बेटा पैदा करने की पुड़िया देते एक लेडिज डॉक्टर को रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पीएनडीटी के तहत मामला दर्ज करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच टीम का नेतृत्व कर रहे डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सतीश सुलेख ने बताया कि विभाग को कई दिन पहले सूचना मिली थी भिवानी रोड स्थित कुमार मेटरनिटी होम की लेडी डॉक्टर उमा बेटा पैदा होने के लिए पुड़िया आदि देती है। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक फर्जी ग्राहक बना कर गर्भवती महिला को प्रसुति होम पर भेजा। डॉक्टर ने महिला को बताया कि जो पुड़िया मैं दूंगी उन्हें गाय के दूध के साथ सेवन करने से अवश्य ही लड़का पैदा होगा। पर ध्यान रखना होगा कि दवा लेते समय आप अपनी बेटी को पास में रखना। टीम द्वारा फर्जी ग्राहक को दिए गए नंबर नोट वाले नोट भी उसने क्लीनिक पर रखी किसी देवता की मूर्ति पर चढ़ा दिए। बताया गया है कि बेटा पैदा होने की दवा के नाम पर यह पिछले काफी समय से पैसे आदि का चढ़ावा भगवान की मूर्ति के समक्ष चढ़वाती है। टीम ने इशारा मिलते ही मौके पर दबिश दी। वीडियो क्लिप तैयार कर जांच की तो वो ही नोट चढ़ावे में मिले। टीम ने डॉक्टर से पूछताछ की तो वह अपनी बात से मुकर गई और कहा कि लड़का, लड़की तो भगवान की कृपा से ही होगा। डिप्टी सिविल सर्जन ने कहा कि आरोपी डॉक्टर ने ग्राहक को गारंटी दी थी कि पुड़िया के सेवन के बाद लड़का पैदा होगा। इसके खिलाफ पीएनडीटी सेक्शन छह के तहत कार्रवाई करवाई जाएगी। टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग की ऊषा जताना नरेंद्र अत्री साथ रहे।