- Hindi News
- बजट घटा तो पीएम ऑफिस के बाहर धरना देंगे कर्मचारी
बजट घटा तो पीएम ऑफिस के बाहर धरना देंगे कर्मचारी
हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित हरियाणा राज्य डीआरडीए स्टॉफ वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को वीरेंद्र धनखड़, राज्य महासचिव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इसमें आगामी दो वर्षों के लिए राज्य कार्यकारिणी का चुनाव करवाया गया।
इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप मे हरियाणा कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रधान रमेश शर्मा, वित्त सचिव जिले सिंह वर्तमान प्रदेश प्रवक्ता, विनोद शर्मा शामिल हुए। एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव दर्शनलाल शर्मा ने बताया कि योजनाओं का लक्ष्य पूरा करने में डीआरडीए कर्मियों का अहम योगदान रहा है। हमारी यह मांग है कि डीआरडीए कर्मचारियों को राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों की भांति सभी लाभ दिए जाएं। डीआरडीए कर्मचारियों को पिछले 6-7 महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। इस वित्तीय वर्ष 2014-15 में 400 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान है। परन्तु समय पर ग्रांट नहीं मिल रही है। सरकार द्वारा बजट बढ़ाने की बजाए 100 करोड़ रुपए की कटौती की जा रही है। एसोसिएशन मांग करती है कि वर्ष 2015-16 के लिए कम से कम 500 करोड़ का प्रावधान डीआरडीए प्रशासनिक मद मे किया जाए।
ऐसा नहीं करने पर केंद्र सरकार के विरुद्ध 16 मार्च से बनारस (यूपी) में प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना देने का निर्णय लिया गया है।
बैठक मे सर्वसम्मति से डीआरडीए स्टाॅफ वेलफेयर एसोसिएशन का चुनाव किया गया। जिसमें दर्शन लाल शर्मा हिसार को प्रधान, सुभाष चौहान फतेहाबाद को महासचिव, जितेन्द्र शर्मा जींद को कोषाध्यक्ष, नीरज कुमार कुरुक्षेत्र को वरिष्ठ उपप्रधान चुना गया।