- Hindi News
- बांगर की धरती पर पहली बार हुई 5 उड़नखटोलों वाली रैली
बांगर की धरती पर पहली बार हुई 5 उड़नखटोलों वाली रैली
यूआग्या भाई देवगौड़ा का हेलिकॉप्टर। ना भाई यू तो शायद चौटाला का होगा। ना भाई इसमें तो प्रकाश सिंह बादल आया है। करीब चार घंटे के अंतराल में एक-एक करके शहर के गोहाना रोड पर खेतों के बीच बनाए गए हेलीपैड पर उड़नखटोले (हेलिकॉप्टर) उतरते गए और उमड़ी भीड़ उन्हें गिनती रही। ऐसा प्रदेश के गठन के 48 साल बाद गुरुवार को बांगर की धरती पर देखने को मिला।
प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी रैली में पांच उड़नखटोलों में सवार होकर नेता पहुंचे। इससे पहले हुई विभिन्न पार्टियों की रैली में अमूूमन दो-तीन हेलिकॉप्टर देखने को मिलते थे। लेकिन देवीलाल के जन्म शताब्दी वर्ष समारोह पर इनेलो द्वारा आयोजित रैली में पांच हेलिकॉप्टर यहां उतरे।
आसमानकी तरफ रही आंखें
हेलिकॉप्टरउतरने का सिलसिला दोपहर को 11 बजे शुरू हो गया था। इन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ भी यहां पर काफी जमा हो गई थी। सबसे पहले अभय सिंह चौटाला दुष्यंत चौटाला हेलिकॉप्टर से जींद की धरती पर पहुंचे। कुछ देर बाद ही यह हेलिकॉप्टर वापस टेक ऑफ कर गया। इसके घंटे भर बाद ही पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल यादव हेलिकॉप्टर से जींद पहुंचे। अभी उन्हें हेलीपैड से ले जाया भी नहीं गया था कि आसमान में एक और पीले रंग का हेलिकॉप्टर दिखाई दिया।
भीड़ ने शोर मचाया यू आग्या चौटाला, लेकिन जब हेलिकॉप्टर की लैंडिंग हुई तो उसमें पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल पाए गए। इसके करीब आधे घंटे बाद ही फिर से आसमान हेलिकॉप्टर की आवाज से गूंज उठा था और लोगों की आंखें आसमान की तरफ टकटकी लगाए हुए थी। नीले रंग के हेलिकॉप्टर की पास में खड़े दो हेलिकॉप्टर के पास में ही लैंडिंग हुई। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, जनता दल यू के अध्यक्ष शरद यादव सवार होकर पहुंचे। करीब डेढ़ बजे का समय हो चुका था और हेलीपैड पर लोगों की भीड़ भी काफी बढ़ गई थी। पुलिस इनेलो पार्टी के वालंटियर से भी अब यह रुके नहीं रुक रही थी। इसी बीच एक हेलिकॉप्टर की फिर से लैंडिंग हुई और उपस्थित भीड़ पूरी तरह से आशान्वित थी कि इसमें पूर्व सीएम चौटाला ही होंगे, लेकिन इस दौरान हेलिकॉप्टर से बाहर निकल कर बिहार के पूर्व सीएम नीतिश कुमार अवतार सिंह भड़ाना आए। करीब दो बजे हेलिकॉप्टर की गूंज सुनाई दी। हेलिकॉप्टर से पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला बाहर आए तो लोगों के हजूम ने उन्हें घेर लिया।