हक के लिए किसानों का धरना जारी
जींद | अखिलभारतीय किसान सभा के आह्वान पर किसानों का क्रमिक अनशन तेरहवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान लघु सचिवालय के सामने दिए जा रहे क्रमिक अनशन पर रविवार को राजकुमार राकेश बैठे। इस मौके पर किसान सभा के राज्य उपप्रधान फूल सिंह श्योकंद ने कहा कि केंद्र राज्य सरकार किसानों की मांगों का समाधान कर लोगों को जात-धर्म के पचड़े में डाल रही है। उन्होंने कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के बयान की निंदा करते हुए कहा कि उनका यह कहना कि किसानों को अपनी फसल बेचना नहीं आता, निंदनीय है। कृषि मंत्री को यह बताना चाहिए कि किसान अपनी फसलों को कैसे बेचें। उन्होंने कहा कि मांगों की अनदेखी पर जिलेभर के किसान 10 फरवरी को विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए किसान सभा द्वारा जिले में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर जिला प्रधान रोहताश नंगूरा समेत कई किसान उपस्थित रहे।