स्कूल संचालक को मारी गोली, गंभीर
वारदात | स्कूल से निकाले गए एक छात्र दो अन्य ने किया जानलेवा हमला
स्कूलसे निकाले गए एक छात्र ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गुरुवार सुबह खांडा गांव के भगवान परशुराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक को उनके आॅफिस में घुसकर गोली मार दी। गोली पेट में जा धंसी और बाइक सवार हमलावर वारदात को अंजाम देकर ढाठरथ की ओर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल स्टाफ तथा विद्यार्थी प्रिंसिपल कार्यालय की तरफ दौड़े।
स्कूल स्टाफ ने गोली लगने से गंभीर रूप से घायल स्कूल संचालक लगभग 37 वर्षीय त्रिलोक भारद्वाज को तुरंत जींद के सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया, जहां से डाॅक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई के डाॅक्टरों ने भी उन्हें दिल्ली भेज दिया। परिजनों ने रोहिणी के महाराजा अग्रसेन अस्पताल में दाखिल कराया है। फिलहाल संचालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस दिल्ली में संचालक के बयान दर्ज करने पहुंची। देर रात को पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस ने मामले में दो युवकों की पहचान कर उनके परिजनों को हिरासत में लिया है।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने घटना की कड़ी निंदा की है। पदाधिकारी सतीश भारद्वाज, सतीश नेहरा ने कहा कि बीपीआर स्कूल के संचालक त्रिलोक भारद्वाज पर तीन अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर जानलेवा हमला करना एक चिंता का विषय है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों द्वारा इस मामले को स्कूल से संबंधित तथा कई अन्य पहलुओं से जोड़कर देखा जा रहा है। गोली मारने के मुख्य कारण का तो आरोपियों कि गिरफ्तारी के बाद ही असली खुलासा हो सकता है। फिलहाल स्कूल से करीब डेढ़ वर्ष पहले नाम काटकर निकाले एक छात्र द्वारा रंजिशन बरतते हुए गोली मारना माना जा रहा है।
एसपी अभिषेक जोरवाल ने कहा कि स्कूल संचालक पर गोली से जानलेवा हमला करने के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अलेवा थाना प्रभारी, सीआईए वन प्रभारी, सीआईए टू प्रभारी तथा एएसआई धर्मबीर के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए क्षेत्र में चारों और नाकेबंदी करवा दी गई है। जानलेवा हमला करने के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें जगह जगह दबिशें दे रही हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस ने मामले में दो युवकों की पहचान कर उनके परिजनों को हिरासत में लिया है।
सुबह करीब साढ़े दस बजे स्कूल संचालक त्रिलोक भारद्वाज अपने आॅफिस में कामकाज निपटा रहे थे। इस दौरान बाइक सवार तीन युवक स्कूल में घुसे और एक युवक ने अपने पास असलाह से गोली दाग दी। बताया जा रहा है कि गोली मारने वाला स्कूल से निकाला गया एक छात्र है। गोली संचालक के पेट के साइड में जा लगी। गोली लगने से त्रिलोक भारद्वाज लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्कूल स्टाफ सदस्यों ने उन्हें सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। स्कूल संचालक पर गोली मारकर फरार हुए हमलवारों को पकड़ने के लिए विद्यार्थियों ने उनको पकड़ने के लिए खांडा गांव तक दौड़कर पीछा किया, लेकिन आगे से कई वाहन आने के चलते आरोपी भागने में सफल हो गए।
जींद. स्कूलसंचालक को सिविल अस्पताल में दाखिल कराने ले जाते हुए।
स्कूल स्टाफ ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों तथा अलेवा पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही अलेवा थाना प्रभारी रामनिवास पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने स्कूल स्टाफ तथा विद्यार्थियों से घटना की बारीकी से पूछताछ कर बयान कलमबद्ध किए है। घटना की सूचना मिलते ही सीआईए थाना प्रभारी तथा डाॅ. धर्मेंंद्र के नेतृत्व में सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। सीन आफ क्राइम की टीम ने कार्यालय में बिखरे खून गोली के खोल समेत कई पहलुओं को बारीकी से जांचा।