- Hindi News
- किस्तों में वादे पूरे कर रही भाजपा सरकार: अत्री
किस्तों में वादे पूरे कर रही भाजपा सरकार: अत्री
उचाना | इनेलोके पूर्व जिला प्रवक्ता देवेंद्र अत्री ने कहा कि सत्ता में आने से पहले प्रदेश में भाजपा ने बुजुर्गोंं को दो हजार रुपए पेंशन देने का वायदा किया था। अब भाजपा के सीएम इस वायदे को भूल गए। बुजुर्गों की पेंशन 1200 रुपए प्रति माह की गई है। अब पांच सालों तक हर साल दो सौ रुपए पेंशन बढ़ाने का फैसला भाजपा ने लिया है। प्रदेश में पहली बार ऐसी सरकार बनी है जो अपने वायदों को किस्तों में पूरा करने की बात कर रही है। वे पुरानी मंडी में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र, प्रदेश सरकार का असली चेहरा कुछ ही दिनों में सामने गया है। भाजपा ने केंद्र, प्रदेश में सत्ता में आने के लिए लोगों से बड़े-बड़े वायदे किए थे। सरकार अब इन वायदों से एक-एक करके पलट रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू नहीं किया जा रहा है। जींद जिले सहित प्रदेश में आपराधिक वारदात बढ़ रही है। व्यापारी अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे है।