नई अनाज मंडी में पांच जिलों के 17 हजार 800 पंच लेंगे शपथ
हिसारमंडल के पंचायतीराज संस्थाओं के नव निर्वाचित पंचों के लिए 17 फरवरी को नई अनाज मंडी में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ हिसार मंडल के पांच जिलों के कुल 17800 पंचों को शपथ दिलवाएंगे।
डीसी विनय सिंह ने बुधवार को बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में हिसार मंडल के अंतर्गत आने वाले सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी तथा जींद जिले के नवनिर्वाचित पंचों को शपथ दिलवाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को अलग-अलग ड्यूटी सौंपी है तथा उन्हें निर्देश दिए हैं कि शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचने वाले सभी पंचों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
इस कार्य के लिए कार्यकारी अभियंता पंचायतीराज द्वारा सभा स्थल पर एक ऊंची स्टेज बनाई जाएगी। इसके सामने जिलावार पांच सेक्टर बनाए जाएंगे। जिनमें पांचों जिलों के पंचों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। शपथ ग्रहण कार्यक्रम की प्रेस कवरेज के लिए प्रेस के प्रतिनिधियों तथा विशिष्ट व्यक्तियों कर्मियों के बैठने की जगह निश्चित रहेगी।
किस जिले में हैं कितने पंच
जिलाविकास एवं पंचायत अधिकारी राकेश मोर ने बताया कि सिरसा में कुल 3447 नव निर्वाचित पंच हैं। इनमें 2040 पुरुष तथा 1407 महिला पंच हैं। इसी प्रकार हिसार जिले में कुल 3794 पंच हैं, जिनमें 2271 पुरुष तथा 1523 महिला पंच शामिल हैं। फतेहाबाद जिले में कुल 2594 पंच हैं, जिनमें 1491 पुरुष तथा 1103 महिला पंच शामिल हैं। इसी प्रकार भिवानी जिले में कुल 4748 पंच हैं, जिनमें 2691 पुरुष तथा 2057 महिला पंच हैं। जींद जिले में 3217 पंच हैं, जिनमें 1961 पुरुष तथा 1256 महिला पंच शामिल हैं।
सभा स्थल तक पहुंचाने का जिम्मा रोडवेज को
डीसीने बताया कि वाहनों की पार्किंग सही तरीके से की जानी चाहिए, इसका जिम्मा पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया है। आयोजन स्थल पर सफाई इत्यादि की व्यवस्था नगरपरिषद मार्केटिंग बोर्ड को करने के लिए कहा है। कार्यक्रम में 10454 पुरुष तथा 7346 महिला पंच भाग लेंगे। इनके लिए पीने के पानी, अस्थाई शौचालयों इत्यादि की व्यवस्था जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सौंपी गई है। कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए नगराधीश को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। नगराधीश सभा स्थल पर बाहर सभी प्रकार की व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। मुख्य मंच के सामने पांचों जिलों के लिए अलग-अलग जिलावार सेक्टर बनाए जाएंगे हैं। समारोह स्थल पर सिविल सर्जन कार्यालय की पैरामेडिकल टीम मोबाइल एंबुलेंस जीवन रक्षक दवाइयों के साथ उपस्थित रहेंगे। जीएम रोडवेज यातायात की व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए आवश्यकता अनुसार रिकवरी वैनों का प्रबंध रखेंगे। फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नगरपरिषद जींद द्वारा की जाएगी। सभा स्थल पर सांकेतिक पट्टियां भी लगवाई जाएंगीं। जींद जिले के सातों विकास खंडों से पंचों को सभा स्थल पर पहुंचाने का प्रबंध जीएम रोडवेज द्वारा किया जाएगा।