- Hindi News
- जिले के सभी कार्यालय होंगे एक ही छत के नीचे
जिले के सभी कार्यालय होंगे एक ही छत के नीचे
जिलेके सभी कार्यालयों को एक ही छत के नीचे लाने के लिए लघु सचिवालय के विस्तारीकरण के लिए नई बिल्डिंग पर लगातार निर्माण कार्य जारी है और निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करवाया जाएगा। भवन निर्माण के बाद सरकारी कामों को लेकर आने वाले लोगों को कहीं दूसरी जगह चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। डीसी अजित बालाजी जोशी ने बताया कि लघु सचिवालय के भवन विस्तार की कार्ययोजना के लिए 10 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि खर्च की जा रही है।
वर्तमान लघु सचिवालय के जिला उपभोक्ता विवाद निस्तारण कार्यालय के ऊपर दो और मंजिल बनाई जाएगी। पहली मंजिल पर अतिरिक्त उपायुक्त का कार्यालय होगा। यह कार्यालय 6072 वर्ग फीट में बनाया जाएगा। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त का कोर्ट रूम, स्टेनो रूम के साथ-साथ शौचालय इत्यादि की सुविधा उपलब्ध रहेगी। एडीसी कार्यालय के ऊपर की मंजिल पर 8 कमरे, हॉल तथा शौचालय बनाए जाएंगे। इसी प्रकार लघु सचिवालय की उपभोक्ता विवाद निस्तारण वाली विंग तीन मंजिला हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि लघु सचिवालय का नया ब्लॉक वर्तमान जिला उद्योग केंद्र कार्यालय के दक्षिण में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के कार्यालय के सामने बनाया जा रहा है। यह ब्लॉक वर्तमान लघु सचिवालय भवन की तरह 4 मंजिला होगा। इस ब्लाक के भूतल पर 2 बड़े हाल बनाए जाएंगे, जिनमें पार्टीशन कर आवश्यकता अनुसार कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इस तल पर शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। प्रथम तल पर 8 बड़े हाल बनाए जाएंगे। इसके साथ-साथ 4 ऑफिस रूम तथा पर्याप्त शौचालय बनाए जाएंगे। ऊपरी मंजिलों पर भी 8 हाल, 5 बड़े ऑफिस रूम बनाए जाएंगे। डीसी ने बताया कि इस नए ब्लाॅक की यह विशेषता रहेगी कि इसमें पेयजल, सीवरेज आदि की लाइन आधुनिक तकनीक पर बिछाई जाएगी। अकसर पानी तथा सीवरेज की लाइन के कारण भवन में नमी आने जैसी समस्या सामने जाती है। ये पाइप लाइन दीवारों के बाहरी साइड में बिछाई जाएंगी।
जींद. जिलाउपभोक्ता विवाद निस्तारण कार्यालय के ऊपर निर्माणाधीन दो और मंजिल।