आईटीआई कर्मचारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
हरियाणाराज्य औद्योगिक प्रशिक्षण तकनीकी कर्मचारी कल्याण संघ ने रविवार को मांगों को लेकर विधायक डाॅ. हरिचंद मिड्ढा को उनके आवास पर ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों का कहना था कि वो मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं लेकिन उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। विधायक ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को विधानसभा में जोर-शोर से उठाया जाएगा। हरियाणा राज्य औद्योगिक प्रशिक्षण तकनीकी कर्मचारी कल्याण संघ के महासचिव विनोद शेखावत ने विधायक डाॅ. हरिचंद मिड्ढा को सौंपे ज्ञापन में बताया कि राजकीय आईटीआई अनुदेशक शिल्प अनुदेशक दो दशकों से लंबित वेतन विसंगति के निराकरण को लेकर आंदोलनरत हैं। इसके साथ ही प्रदेशभर की आईटीआई में अनुबंध आधार पर लंबे समय से अनुदेशक कार्यरत हैं लेकिन उन्हें नियमित करने के लिए सरकार द्वारा कोई योजना नहीं बनाई जा रही है। उन्होंने मांग की है कि अनुदेशक, शिल्प, अनुदेशक, भाषा अध्यापक से लेकर अतिरिक्त निदेशक (तकनीकी) के वेतनमान में उच्च संशोधन किया जाए।
अनुदेशकों की एसीपी विसंगति को दूर किया जाए। अनुबंध आधार पर कार्यरत अनुदेशकों को नई नियमितिकरण नीति के तहत नियमित किया जाए तथा नियमित होने तक समान काम समान वेतन के सिद्धांत के अनुसार वेतन दिया जाए। विभागीय सेवा नियम 2013 में आवश्यक संशोधन किया जाए। विभाग में अनुबंध आधार पर कार्यरत अनुदेशकों को नियमित किया जाए समेत कई मांगें शामिल हैं।
जींद. मांगोंसे संबंधित ज्ञापन विधायक डाॅ. हरिचंद मिढ़ा को सौंपते आईटीआई कर्मचारी।