छठ माता का मंदिर तोड़ा, विरोध
तोशामबाइपास पर नहर किनारे बने छठ माता के मंदिर को किसी ने रात के समय तोड़ दिया। इसकी जानकारी मिलने पर प्रवासी लोगों ने इसकी शिकायत शुक्रवार को पुलिस से की और विरोध जताया है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बारे में प्रवासी सतेंद्र बोस ने बताया कि उन्होंने अपनी कुलदेवी छठ माता का एक मंदिर तोशाम बाइपास स्थित नहर के पास बनाया हुआ है।
इस मंदिर में प्रवासी समुदाय के लोग पूजा पाठ करते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह समुदाय के लोग उस मंदिर में पूजा करने के लिए गए थे। मगर वहां जाकर उन्होंने देखा कि किसी ने उस मंदिर को तोड़ा हुआ है। इस बात की जानकारी मिलने पर वे भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने इस मामले में शहर थाना पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस ने भी उनकी शिकायत पर मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी। इस बारे में सतेंद्र बोस ने बताया कि किसी ने उनके इस पवित्र मंदिर को जानबूझकर तोड़ा है। अगर ऐसा नहीं होता तो उनके इस पवित्र मंदिर को इस तरह खंडित नहीं किया जाता। इस बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में की है।
जुई नहर के किनारे बने छठ माता मंदिर को तोड़कर नहर में डालने पर विरोध जताते प्रवासी लोग।