शर्मा अस्पताल से एमटीपी किट जब्त, केस दर्ज
सीवनगेटकैथल स्थित शर्मा अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर वहां से गर्भपात में इस्तेमाल की जाने वाली एमटीपी किट बरामद की है। उपसिविल सर्जन डॉ. नीलम कक्कड़ ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि शर्मा अस्पताल में अवैध रूप से गर्भपात कराया जाता है। सूचना मिलने पर वह गत नौ फरवरी को टीम के साथ पहुंची। तलाशी लेने पर अस्पताल से गर्भपात में इस्तेमाल की जाने वाले औजार मिले।
स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम में एसएमओ पूंडरी डॉ. विकास भटनागर, जिला आशा कॉओर्डिनेटर रामफल कश्यप खंड विस्तार शिक्षक राजेश कुमार शामिल थे। डॉ. नीलम कक्कड़ की शिकायत पर अस्पताल संचालिका डा. जयंती शर्मा के खिलाफ सिटी थाने में एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया गया है। एएसआई महासिंह ने बताया कि आरोपी चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।