बीजेपी ने जाटोंं को आरक्षण दिया तो कांग्रेस से भी बुरा हाल होगा : सैनी
कैथल | भाजपाकी केंद्र और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार अकेले जाटो ने नहीं बनाई, बल्कि देश प्रदेश की पैंतीस बिरादरी ने भाजपा को सत्ता सौंपी है। सैनी ने जाट आरक्षण को लेकर की जा रही बयानबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। सांसद सैनी ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने झूठ की बुनियाद पर पैंतीस बिरादरियों की भावनाओं से खिलवाड़ कर जाटों को ओबीसी सूची में शामिल कराया था, जिसका परिणाम आज कांग्रेस भुगत रही है। अगर भाजपा सरकार दबाव में आकर जाटों को आरक्षण देती है तो भाजपा का कांग्रेस से भी बुरा हाल होगा।
सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि रेलवे ट्रैक रोकने वालो और जाम लगाने वाले नेताओं को शर्म आनी चाहिए। प्रदेश सरकार ऐसे लोगों पर मुकदमे दर्ज करे। सांसद ने कहा कि प्रति पक्ष नेता अभय चौटाला और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को तो आरक्षण के मामले पर बोलते हुए शर्म आनी चाहिए। उन्होंने आरक्षण की पैरवी करने वाले भाजपा मंत्रियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सत्ता में बैठकर एक बिरादरी को लाभ पहुंचाने स्वार्थी लोग हैं। सैनी ने कहा कि ओबीसी ब्रिगेड पैंतीस बिरादरी के उन लोगों को जागरूक करेगी, जिनके अधिकारों पर डाका डालने के लिए सरकार पर दबाव बनाकर संविधान और लोकतंत्र की मर्यादा भंग की जा रही।