- Hindi News
- राइस मिलों में छापेमारी, भड़के आढ़तियों ने मार्केटिंग बोर्ड की टीम का किया घेराव
राइस मिलों में छापेमारी, भड़के आढ़तियों ने मार्केटिंग बोर्ड की टीम का किया घेराव
मार्केटिंगबोर्डकी टीम ने राइस मिलों में छापेमारी की। टीम ने दो राइस मिलों का रिकाॅर्ड जांच के लिए उठा लिया। इसके बाद आढ़ती भड़क गए। मार्केटिंग कमेटी के कार्यालय में अधिकारियों का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। मामले की सूचना पाकर एडीसी मौका पर पहुंचे और आढ़तियों को शांत कराया।
मार्केटिंग बोर्ड के डीएमईओ नरसिंह ज्याणी, डीपी भांभू के नेतृत्व में राइस मिलों में छापेमारी की। दो राइस मिलों का रिकाॅर्ड भी जब्त कर लिया। छापेमारी से राइस मिलरों में हड़कंप मच गया। देर शाम को राइस मिल मालिक, कच्चा पक्का आढ़ती एकत्रित होकर मार्केट कमेटी के कार्यालय में पहुंच गए। वहां पर करीब एक घंटा नारेबाजी की। इसके बाद मार्केटिंग बोर्ड की टीम का अंदर कार्यालय में जाकर घेराव कर दिया और राइस मिलों से जब्त रिकाॅर्ड को वापस देने के लिए दबाव बनाने लगे।
मंडी प्रधान सुरेश मित्तल, अश्वनी शोरेवाला, मांगेराम खुरानिया, संजय गर्ग और रामनिवास खुरानिया ने कहा कि जब तक दोनों राइस मिलों का रिकाॅर्ड वापस नहीं देंगे। टीम के किसी भी सदस्य को बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। मामला काफी बढ़ गया। आढ़ती अधिकारियों पर रिश्वत लेने का आरोप लगा रहे थे। मामले को ज्यादा बढ़ता देख किसी ने जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी। इसके बाद एडीसी जितेंद्र कुमार मौका पर पहुंचे। उन्होंने आढ़तियों को शांत कराया।