रैली से बताया वोट बनवाना कितना जरूरी
हरियाणा शहीद स्मारक से मतदाता जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाने से पूर्व संबोधित करते एसडीएम रामकुमार सिंह। (दाएं) मतदाता जागरुकता रैली निकालते बच्चे।
भास्कर न्यूज | कैथल
निर्वाचनआयोगके निर्देशानुसार ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवाने के उद्देश्य जिला प्रशासन द्वारा 16 दिसंबर तक पुन:निरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत 1 जनवरी 2015 को क्वालीफाइंग तिथि मानकर 18 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले व्यक्ति तथा किसी कारणवश मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रहे व्यक्ति इस दौरान अपना नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यह जानकारी कैथल एसडीएम रामकुमार सिंह ने हरियाणा शहीद स्मारक से मतदाता जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पूर्व दी। रैली में ओएसडीएवी स्कूल के लगभग 300 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया तथा यह रैली पटवार भवन से गीता भवन, रेलवे गेट तक निकाली गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया। एसडीएम ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पुन:रीक्षण कार्यक्रम के दौरान 14 दिसंबर रविवार को सभी बीएलओ को संबंधित मतदान केंद्र पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे लोकतंत्र की मजबूती के लिए केवल अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए, बल्कि भविष्य में होने वाले किसी भी चुनाव में सक्रिय हिस्सेदारी भी निभाएं।
नाम दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रपत्र 6 में अपना आवेदन दे सकते हैं। यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तो उसे हटवाने के लिए प्रपत्र 7 में और अशुद्ध नाम को शुद्ध कराने के लिए प्रपत्र 8 में आवेदन किया जा सकता है। पुनरीक्षण कार्यक्रम की अवधि में 14 दिसम्बर, 2014 (रविवार) को विशेष अभियान तिथि निश्चित की गई है। मौके पर नायब तहसीलदार निर्वाचन दिनेश कुमार, ओएसडीएवी स्कूल की प्राचार्या सुमन निझावन, निर्वाचन कानूनगो शमशेर विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।