- Hindi News
- किठाना की पट्टी नथवान में गली को ही बना दिया कूड़ेदान
किठाना की पट्टी नथवान में गली को ही बना दिया कूड़ेदान
कैथल|किठाना कीपट्टी नथवान की गली में कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। तंग गली कीचड़ से भरी होने के कारण कन्या स्कूल की छात्राओं को स्कूल पहुंचने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इस दिक्कत से परेशान गांव के लोगों ने कई बार किठाना के सरपंच, पुलिस चौकी इंचार्ज और बीडीपीओ को भी गुहार लगाई है। लेकिन अभी तक समस्या हल नहीं हुई। स्वामी सत्यनारायण सीनियर सेकेंडरी कन्या विद्यालय की छात्राओं सुमन, कोमल, रीतू और प्रियंका ने बताया कि 16 फीट की गली छह फीट भी नहीं बची। लोग गली पर कब्जा करने के लिए गंदगी फेंक रहे हैं। घरों का पानी भी गली में छोड़ा जा रहा है। गली कीचड़ से भर गई है। स्कूल आने-जाने पर दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गांव वासी रिंकू, मनोज, सोनू, जसवंत, सतीश, जयप्रकाश ने कहा कि गांव के सरपंच के अलावा पुलिस चौकी प्रशासनिक अधिकारियों को भी कई बार शिकायत दे चुके हैं। प्रशासन अधिकारियों ने इस समस्या का हल कराना तो दूर कभी इस गली की दुर्दशा देखने भी नहीं आए। शांति देवी, लक्ष्मी देवी, धन्नों देवी, कृष्णा देवी, सावित्री देवी और मुकेश देवी ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री गांव शहर को स्वच्छ रखने के लिए देश के लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। दूसरी तरफ गांव के ही कुछ लोग गंदगी फैला रहे हैं। अगर गांव वासी ऐसे लोगों का विरोध करते हैं तो वे झगड़ा करने पर उतर आते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करके गली से अतिक्रमण हटाया जाए।