90 फीसदी बिल भरे तो गांव में 21 घंटे चलेगी बिजली : आहुजा
खंडकेगांव रसुलपूर में म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत के सदस्यों ने नगराधीश एवं एसडीएम गुहला नवीन आहुजा की उपस्थिति में अपने-अपने मीटर बाहर लगवाकर ग्रामवासियों के लिए आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है। इससे बिजली चोरी रोकने की दिशा में सार्थक पहल हुई है।
नवीन आहुजा गांव रसुलपुर में म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत पहुंचे थे। उन्होंने योजना के तहत ग्रामवासियों से अपील की कि सभी अपने-अपने मीटर बाहर लगवाएं। उनके इस आह्वान पर नई पंचायत ने कार्रवाई करते हुए सरपंच पुष्पेंद्र सिंह तथा सभी पंचायत के सदस्यों ने अपने-अपने बिजली मीटरों को बाहर लगवाया। गांव में कुल 467 घरों में से 434 लोगों ने घरेलू कनेक्शन लिए हुए हैं तथा 30 नए मीटर की फाइल बिजली वितरण निगम के पास आज के खुले दरबार में जमा होने से यह गांव शत-प्रतिशत घरों के कनेक्शन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस योजना के तहत राज्य में बिजली के मीटर में यदि कोई खराबी पाई जाती है तो उसे नि:शुल्क ठीक किया जाएगा। इस योजना के दूसरे चरण में इंश्यूलेटिड तारों को बदलने तथा घर के बाहर मीटर लग जाने के बाद बिजली आपूर्ति 15 घंटे से बढ़ाकर 18 घंटे प्रतिदिन कर दी जाएगी।
कैथल|रसुलपूर मेंघर के बाहर मीटर लगाते अधिकारी।