400 परिवारों को दी सब्जी की मिनी किट
कैथल | प्रदेशसरकार द्वारा किसानों को धान एवं गेहूं के फसल चक्र के अलावा फल, सब्जी, फूल, मसाले, मशरूम की तरफ प्रेरित करने के लिए उद्यान विभाग के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहे है। उद्यान विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के परिणाम स्वरूप जिला में फलों, सब्जियों, फूल, मसाले तथा मशरूम के उत्पादन में वृद्धि दर्ज की गई है। डीसी केएम पांडुरंग ने बताया कि जिला में 10.4 हैक्टेयर में क्षेत्रफल में फलों की खेती की जा रही है, जिससे फलों का उत्पादन 4 हजार 760 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। इसी प्रकार 5 हजार 440 हैक्टेयर में सब्जियों की खेती से 49 हजार 570 मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हुआ है। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग द्वारा किसानों को फूलों की खेती के लिए भी बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान जिला में 15 हैक्टेयर क्षेत्रफल में फूलों की खेती की जा रही है। अब तक 90 मीट्रिक टन फूलों का उत्पादन हुआ है। इसी प्रकार जिला में मसालों की खेती के तहत भी 500 हैक्टेयर क्षेत्रफल से एक हजार 745 मीट्रिक टन मसालों का उत्पादन हुआ है। मशरूम की खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों के परिणाम स्वरूप जिला में मशरूम के क्षेत्रफल में वृद्धि हुई है। गत नवंबर माह के दौरान जिला में 27 हजार मशरूम की ट्रे लगाई गई, जिससे 70 मीट्रिक टन मशरूम का उत्पादन हुआ है। जिला में अनुसूचित जाति परिवारों को सब्जी की खेती की तरफ प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित करने के लिए 400 परिवारों को सब्जी की मिनी किट प्रदान की गई तथा 915 परिवारों को नवंबर माह के दौरान प्लास्टिक क्रेट भी प्रदान की गई।