आईजी की गजल ने यूनिवर्सिटी में किया टॉप
कैथल | आईजीमहिला महाविद्यालय की छात्रा कुमारी गजल ने बीएससी नॉन मेडिकल में पहला स्थान हासिल किया है। जबकि रितू चौथे स्थान पर रही। प्राचार्या साधना ठुकराल ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा जारी बीएससी नॉन मेडिकल के चौथे सेमेस्टर में गजल ने 600 में से 562 अंक हासिल किए। उसने 93.6 प्रतिशत अंक लेकर यूनिवर्सिटी में टॉप किया है। जबकि रितू 92 प्रतिशत अंक लेकर चौथे स्थान पर रहीं। काॅलेज प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सुरजीत बहादुर खुरानिया ने कुमारी गजल को 11 हजार रुपए और रितू को 1100 रुपए नकद ईनाम देकर सम्मानित किया। उपाध्यक्ष राम बहादुर खुरानिया ने कहा कि कॉलेज में पढ़ रही छात्राओं को इन छात्राओं से सीख लेने की जरूरत है। सख्त मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।