- Hindi News
- माया परमात्मा एवं जीवात्मा में दूरियां पैदा करती है : साक्षी
माया परमात्मा एवं जीवात्मा में दूरियां पैदा करती है : साक्षी
इस्कॉनप्रचारसमिति द्वारा नगर आयोजित किए जा रहे भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के 8वें दिन श्रीमद् भगवद कथा के उपलक्ष्य में प्रात: इस्कॉन कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष श्रीमन् गोपाल दास की अध्यक्षता में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी श्री सनातन धर्म मंदिर कमेटी चौक से प्रारंभ होकर आर्य समाज मंदिर, लक्ष्मण दास छत्ता सेठान मोहल्ला के विभिन्न मार्गों से होती हुई समाजसेवी रमेश शर्मा के सेठान मोहल्ला स्थित निवास स्थान पर विशाल भंडारे के साथ संपन्न हुई।
प्रभात फेरी में श्रीमन् साक्षी गोपाल ने अपने मधुर भजनों हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे महामंत्र के जाप से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रभात फेरी में भगवान श्रीराधा-माधव जी लड्डू गोपाल जी की पालकी का श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया, पूर्ण श्रद्धा के साथ आरती उतारी गई तथा प्रभात फेरी में जगह-जगह पर प्रसाद वितरित किया गया। इसके उपरांत इस्कॉन प्रचार समिति द्वारा हुडा सेक्टर-19 के सामुदायिक केंद्र में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में कथा व्यास श्रीमन् साक्षी गोपाल दास ने प्रवचनों की अमृतवर्षा करते हुए कहा कि भगवान विष्णु सदा अपने भक्तों का कल्याण करते हैं। वे ऐसे भक्तों का भार स्वयं अपने ऊपर ले लेते हैं जो अनन्य भाव भगवान विष्णु की भक्ति करते हैं और भगवान की शरण में जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जो जीव भगवान श्रीकृष्ण को परम ब्रह्मा मानकर उसकी सेवा भक्ति करते हैं, वे सभी प्रकार के कष्टों से मुक्त हो जाते हैं और उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होती है। साक्षी गोपाल दास जी ने कहा कि हमें आने वाली पीढ़ी को भक्ति के संस्कार देने चाहिए। इस अवसर पर समिति के प्रधान दशरथी चरणदास, सुशील गुप्ता, राधा ऋषिकेश दास, दर्शन लाल मनचंदा, अशोक बंसल, मंदीप सिंह अधिवक्ता, विनोद भल्ला, बृजलाल मित्तल, तुलसी शर्मा, जीवन शर्मा, युधिष्ठिर शर्मा, नरेश शर्मा, प्रकाश शर्मा, पंकज शर्मा, मुकेश शर्मा, विवेक शर्मा, गौरव, गगन, योगेश यश सहित काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
कैथल | इस्कॉनप्रचार समिति कैथल द्वारा सैक्टर-१९ के सामुदायिक केंद्र में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में प्रवचन करते कथा व्यास श्रीमन् साक्षी गोपाल दास।