परेशानी का सबब बना कैथल-करनाल मार्ग
सड़क पर डाला गया रोड़ा-पत्थर।
भास्कर न्यूज | पूंडरी
पूंडरीसेहोकर गुजर रहा कैथल-करनाल मार्ग आजकल लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। वैसे तो सरकार ने इस मार्ग को स्टेट हाइवे घोषित कर रखा है, परंतु इसकी खस्ता हालत तो ऐसी है, जैसी किसी कच्ची सड़क की भी नहीं होती। गिरधर आहलुवालिया चौक से लेकर तहसील तक पूरी सड़क टूट चुकी है। विभाग ने ऊपर से रोड़ा-पत्थर डालकर जले पर नमक का काम कर दिया है।
आलम यह है कि पहले की अपेक्षा अब यातायात और भी रेंगकर चल रहा है। वाहनों के टायरों से टकराकर पत्थर लोगों को चोट पहुंचा रहे हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। यहां के निवासियों ने बताया कि यह सड़क इससे पहले की अवस्था में ही ठीक थी, क्योंकि वाहन चालक आसानी से निकल तो जाते थे, लेकिन अब तो हालत और भी खस्ता हो गई है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर पुलिस स्टेशन, तहसील, बीडीपीओ कार्यालय, स्कूल कॉलेज हैं, जहां पर अक्सर लोगों का अपने कार्य के निमित आना-जाना लगा रहता है। आम जन ही नहीं अधिकारी भी इस मार्ग से जाने से कतराते हैं। पता नहीं कब बीच में उनके वाहन फंस जाएं। उन्होंने बताया कि बरसात समय में तो यह सड़क एक तालाब का रूप ले लेती है। लोगों को यह पता ही नहीं चल पाता कि सड़क कहां हैं और नाला कहां। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि इस सड़क का शीघ्र ही निर्माण करवाया जाए।