- Hindi News
- भ्रूण हत्या करने वाले लोगों का सामाजिक बहिष्कार हो: एडीसी
भ्रूण-हत्या करने वाले लोगों का सामाजिक बहिष्कार हो: एडीसी
एडीसीजितेंद्रकुमार ने लोगों का आह्वान किया कि वे समाज में हो रहे कन्या भ्रूण हत्या में संलिप्त व्यक्तियों का सामाजिक बहिष्कार करें। यदि इसी प्रकार कन्या भ्रूण हत्या होती रही तो भविष्य में हमारे वंश नष्ट हो जाएंगे। परिवार और वंश तभी आगे बढ़ पाएंगे, जब हम बेटियों को जन्म लेने का अधिकार देंगे और उनका पालन पोषण सही तरीके से करेंगे।
हमें लड़कियों को उच्च शिक्षा देकर उन्हें स्वावलंबी बनाना है और हमें अपनी जिम्मेदारी को निभाना होगा, वरना भविष्य में अपने विनाश के कारण हम स्वयं होंगे। एडीसी गांव चंदाना स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के रोहतक, हिसार एवं नारनौल स्थित क्षेत्रीय प्रचार इकाइयों द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर ग्रामीणों को अपने जीवन में कन्या भ्रूण हत्या करने तथा कन्या भ्रूण हत्या में सहयोग देने की शपथ दिलवाई। उन्होंने उपस्थित गण को यह भी संकल्प दिलवाया कि वे दहेज प्रथा को रोकने एवं लड़कियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए समाज को प्रेरित करेंगे। इससे पूर्व उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से चेतना रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर एसडीएम आरके सिंह, डीडीपीओ सुरेंद्र कुमार, डीईओ अशोक कुमार रणधीर मौजूद थे।
गांव चंदाना स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में बेटी बचाओ-बेटी पढाओ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीण महिलाएं छात्राएं।