आधार बनवाने के लिए एक और मशीन की मांग
आधारकार्ड से वंचित लोग सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। कनीना स्थित एसडीएम कार्यालय में हाल ही में आधार बनाने के लिए एक टीम की तैनाती की गई है लेकिन भीड़ अधिक होने की वजह से ग्रामीण एक और मशीन स्थापित करने की मांग कर रहे हैं।
पाथेड़ा, गुढा, बव्वा, रामबास, पड़तल, भोजावास के ग्रामीणों ने बताया कि आधार कार्ड बनवाने के लिए सुबह आकर लाइन में लगे थे लेकिन उनकी बारी नहीं आई। कार्ड बनाने से वंचित रहे लोगों ने उपमंडल प्रशासन से एक और मशीन स्थापित करने की मांग की है। दो मशीनों के होने से उनके कार्ड आसानी एवं शीघ्रता से बन सकते हैं। देखा जाए, तो कनीना खंड में 50 फीसदी लोगों के आधार कार्ड नहीं बन सके हैं। जिस समय गावों में आधार कार्ड बनाए जा रहे थे उस समय ग्रामीणों ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, जिसके चलते गावों से मशीन उठा ली गई। प्रदेश सरकार द्वारा वृद्धावस्था पेंशन बैंक के माध्यम से देने की घोषणा किए जाने के बाद बुजुर्ग लोग आधार कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। बीपीएल से जुड़े उपभोक्ता भी आधार के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। लोगों की समस्या को देखते हुए एसडीएम कार्यालय कनीना में सोमवार से आधार बनाने वाली टीम की नियुक्ति की गई है जो आधार कार्ड बना रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम से दूसरी मशीन स्थापित करने की मांग की है।