लिंग जांच गर्भपात का घिनौना कार्य जारी
कनीना | कनीनाउपमंडल के विभिन्न निजी अस्पतालों में लिंग जांच एवं गर्भपात करवाने जैसा घिनौना कार्य जारी है। प्रशासन के ढीले रवैए के कारण देर-सवेर ये कार्य हो रहे हैं। बता दें कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पिछले दिनों छापेमारी कर कनीना के दो अस्पतालों से ऐसा घृणित कार्य करते हुए चिकित्सकों को काबू किया था। महेंद्रगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप के समीप बने निजी अस्पताल में लुहाना-धवाना की महिला का गर्भपात कराया जा रहा था। पुलिस तथा चिकित्सकों की टीम ने छापेमारी करके यह कार्य कर रहे चिकित्सक को काबू कर लिया था, वहीं अस्पताल की ओपीडी पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया था। अब वहां से अस्पताल का सामान समेट दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया था, दूसरी घटना पुलिस थाने के नजदीक चल रहे निजी अस्पताल में घटित हुई जहां दादरी की महिला अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए यहां पर आई थी। चिकित्सक ने 7 हजार रुपए में अपना इमान बेचते हुए लिंग परीक्षण कर दिया। ड्रग्स कंट्रोल सोसायटी के अधिकारियों ने छापेमारी कर अल्ट्रासाउंड मशीन तथा चिकित्सक को काबू कर लिया था।